June 29, 2025

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में परिवहन क्रांति: 25 रूटों पर दौड़ेंगी 500 इलेक्ट्रिक सिटी बसें, हर 10 मिनट में मिलेगी सुविधा

0
TV8NEWS

ग्रेटर नोएडा, टीवी8न्यूज, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों निवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब इन क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन को लेकर लोगों की परेशानी कम होने वाली है, क्योंकि जल्द ही यहां 500 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। यह बसें 25 प्रमुख रूटों पर दौड़ेंगी और हर 10 मिनट के अंतराल पर यात्रियों को सेवा उपलब्ध कराएंगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 300 बसें नोएडा, 100 ग्रेटर नोएडा और 100 यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चलाई जाएंगी। बसों का संचालन सुबह 6:30 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा। ये बसें 9 और 12 मीटर लंबाई की होंगी, जिनमें दिव्यांगों के लिए भी विशेष सीटों की व्यवस्था होगी।
इस योजना को लागू करने के लिए तीनों प्राधिकरणों—नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण—ने मिलकर एक स्पेशल पर्पज़ व्हीकल (SPV) का गठन किया है। यह परियोजना 675 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है और संचालन का अनुबंध 12 वर्षों के लिए निजी कंपनियों को सौंपा जाएगा।
बसों के कुछ प्रमुख रूटों में शामिल हैं:
• सेक्टर-12 से कसाना, जो निठारी, कुलेसरा, हबीबपुर और सूरजपुर कलेक्ट्रेट से होकर गुजरेगा।
• बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन से दादरी बस स्टॉप, जो सूरजपुर होते हुए जाएगा।
इस योजना से न केवल ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि आम लोगों को किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन सुविधा भी मिलेगी। नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों में यह कदम एक परिवहन क्रांति के रूप में देखा जा रहा है।
मनोज कुमार दीक्षित, टीवी8 न्यूज, ग्रेटर नोएडा

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News